बिएल शतरंज महोत्सव में तीसरे स्थान पर रहे हरिकृष्ण

बिएल (स्विट्जरलैंड), 3 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय ग्रैंड मास्टर पेंटला हरिकृष्ण को बिएल शतरंज महोत्सव के आखिरी राउंड में हार का सामना करना पड़ा है।

उन्हें फ्रांस के इतिएने बाकरोट ने टूर्नामेंट की पहली हार दी। इसी के साथ भारतीय खिलाड़ी ने इस चैम्पियनशिप का अंत तीसरे स्थान के साथ किया।

विश्व की 20वीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी बुधवार को सफेद मोहरों के साथ खेल रहे थे। उन्होंने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन शुरुआत में की गई एक गलती उनके लिए भारी पड़ी और यही उनकी हार का कारण बनी।

उन्होंने वापसी की काफी कोशिशें कीं, लेकिन मैच को बचा नहीं सके और फ्रांस के खिलाड़ी ने उन पर दबाव बनाते हुए जीत हासिल की, जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 29 चालें लीं।

मैच के बाद हरिकृष्ण ने कहा, “मैच की शुरुआत में मैंने एक छोटी से गलती कर दी थी और इसी कारण मुझे हार का मुंह देखना पड़ा। यह निराशाजनक है क्योंकि यह टूर्नामेंट के अंत में हुआ।”

हरिकृष्ण इससे पहले आठवें राउंड तक अपराजित रहे थे। उनके खाते में तीन जीत और पांच ड्रॉ थे। इसी प्रदर्शन के कारण ही वह आठवें राउंड तक शीर्ष पर बने हुए थे। लेकिन, आखिरी राउंड में मिली हार ने उन्हें तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया।

हरिकृष्ण का ध्यान अब दो सिंतबर से जॉर्जिया में शुरू हो रहे विश्व कप पर है।

इस विश्व कप में दुनिया के लगभग सभी शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिनमें मैग्नस कार्लसन और भारत के विश्वनाथन आनंद का नाम भी शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493