विश्व एथलेटिक्स : चक्का फेंक में लिथुआनिया के गुडजियास ने स्वर्ण जीता

लंदन, 6 अगस्त (आईएएनएस)। लिथुआनिया के एथलीट एंड्रियस गुडजियस ने यहां जारी विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शनिवार को पुरुषों के चक्का फेंक स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया।

गुडजियस अपने दूसरे प्रयास 69.21 मीटर की दूरी तक चक्का फेंक विश्व चैम्पियनशिप बने। स्विट्जरलैंड के डेनियल स्ताहिल (69.19) ने रजत और अमेरिका के मेसोन फिनले (68.03) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

पिछली बार के विश्व चैम्पियन रहे पोलैंड के पिओर मलाचोस्की को इस स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल हुआ। उन्होंने 2015 में 67.40 मीटर तक चक्का फेंक कर स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन इस बार 65.24 मीटर में ही सिमट कर रह गए।

इसके अलावा, पिछली बार कांस्य पदक जीतने वाले पोलैंड के ही एथलीट रोबर्ट उर्बानेक इस बार अपनी कोशिशों में नाकाम रहे और उन्हें सातवां स्थान हासिल हुआ। उन्होंने 64.15 मीटर तक चक्का फेंक अपना सबसे अच्छा प्रयास किया।

चक्का फेंक प्रतियोगिता का विश्व रिकॉर्ड जर्मनी के एथलीट जुर्गेन स्कल्ट के नाम है। उन्होंने 6 जून, 1986 को 74.08 मीटर की दूरी तक चक्का फेंक कर यह रिकॉर्ड हासिल किया था।

इसके अलावा, विश्व चैम्पियनशिप का रिकॉर्ड लिथुआनिया के ही विर्गिलिजुस अलेक्ना के नाम पर है। उन्होंने सात अगस्त, 2005 को हेलसिंकी में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप के चक्का फेंक स्पर्धा में 70.12 मीटर की दूरी नाप कर रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493