लंदन, 8 अगस्त (आईएएनएस)। यहां जारी विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में महिलाओं की तिहड़ी कूद स्पर्धा में वेनेजुएला की युलिमार रोजास ने स्वर्ण पदक जीता।
रोजास ने सोमवार को हुई इस स्पर्धा में 14.91 मीटर में पिछली बार की स्वर्ण पदक विजेता कैथरीन इबार्गुएन को मात देकर विश्व चैम्पियन बनीं।
अपना स्वर्ण पदक बचाने में नाकाम रहीं इबार्गुएन (14.89 मीटर) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके अलावा, कजाखस्तान की ओल्गा रोपाकोवा (14.77 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 2012 में आयोजित ओलम्पिक खेलों में इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता था।
रोजास ने पिछले साल रियो डी जनेरियो में आयोजित ओलम्पिक खेलों में इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
ओल्गा ने पिछले संस्करण में भी कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। हालांकि, 2015 के संस्करण में रजत पदक जीतने वाली एथलीट इजरायल की हेना केन्याजेवा मिनेंनको को चौथा स्थान हासिल हुआ। वह अपना पदक बचा पाने में असफल रहीं।
इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड यूक्रेन की इनेसा क्रावेत्स के नाम है। उन्होंने 10 अगस्त, 1995 में 15.50 मीटर की दूरी तय की थी। विश्व चैम्पियनशिप का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम ही है।
dharmpath.com dharmpath