कपिल देव, बिशन सिंह बेदी पर फिल्म का अभी इरादा नहीं: सिधवानी

मुंबई, 9 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी ने पूर्व क्रिकेटर कपिल देव और बिशन सिंह बेदी के जीवन पर फिल्म बनाए जाने संबंधी खबरों को निराधार बताया है।

मंगलवार को यहां अपनी आगामी फिल्म ‘फुकरे 2’ के टीजर लांच के मौके पर उन्होंने पूर्व क्रिकेटरों के जीवन पर फिल्म बनाने की चर्चाओं पर विराम लगाया।

उन्होंने कहा, “यदि लोग कपिल देव और बिशन सिंह बेदी के जीवन पर फिल्म बनाए जाने की बात कर रहे हैं, तो हमें इसके बारे में कुछ पता नहीं है। पूर्व क्रिकेटरों पर बॉयोपिक का अभी इरादा नहीं है। इस समय हम ‘फुकरे’ पर ध्यान दे रहे हैं और हम इस फिल्म को एक अच्छी रिलीज देने का प्रयास कर रहे हैं।”

‘फुकरे 2’ के टीजर लॉन्च के मौके पर फिल्म की टीम के सदस्य पुलकित सम्राट, मृगदीप लांबा, वरुण शर्मा, मनजोत सिंह और ऋचा चड्ढा मौजूद रहे।

जब फिल्म के निर्देशक मृगदीप सिंह लांबा से ‘फुकरे’ और ‘फुकरे 2’ के बीच में इतना ज्यादा समय होने संबंधी सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह इस फिल्म को पहले हिस्से से ज्यादा अच्छा बनाना चाहते थे।

उन्होंने कहा, “हमने तीन वर्ष लिए क्योंकि दर्शकों को इसे पसंद करना चाहिए। यदि हमने केवल सीक्वल बनाने के लिए ही सीक्वल बनाया होता, तब दर्शक हमारी आलोचना करते। हमने इसे बनाने में पर्याप्त समय लिया और हमने यह सुनिश्चिय किया है कि यह पहले हिस्से से ज्यादा अच्छी हो।”

रितेश सिधवानी की वेब सीरीज ‘इंसाइड एज’ ने डिजिटल मंच पर अच्छी सफलता प्राप्त की है और निर्माता इसके सीजन 2 की तैयारी कर रहे हैं।

‘फुकरे 2’ में अली फजल, विशाखा सिंह, पंकज त्रिपाठी, प्रिया आनंद भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। एक्सेल इंटरटेंमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म इस वर्ष 8 दिसंबर को रिलीज हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493