भाजपा ने देश के किसानों और गरीबों को पीछे कर दिया : अखिलेश

पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव ने यहां रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘डिजिटल इंडिया’ की पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा ने देश के किसानों और गरीबों को पीछे कर दिया है।

पटना के गांधी मैदान में ‘भाजपा भगाओ-देश बचाओ’ रैली में जुटी एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सपा नेता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, आतंकवाद खत्म हो जाएगा। हम बिहार की जनता से पूछना चाहते हैं कि आखिर कोई फायदा हुआ। पैसा काला-सफेद नहीं होता। लेन-देन के तरीके से होता है।”

अखिलेश ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डीएनए वाला चाचा बताते हुए कहा कि आज बिहार और उत्तर प्रदेश की जनता बाढ़ से त्रस्त है। अब पैकेज भी दे दिया जाएगा। परंतु उन लोगों के लिए क्या होगा जिनकी जान चली गई और गाय और भैंस की मौत हो गई।

बिहार की धरती को क्रांतिकारी धरती बताते हुए अखिलेश ने कहा कि जब यह धरती ‘रथ’ रोक सकती है तो भाजपा को भी रोक सकती है। उन्होंने यहां के लोगों से भाजपा को रोकने की अपील की। राम मंदिर आंदोलन के दौरान भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा को बिहार में राज्य सरकार ने रोक दिया था।

अखिलेश ने पिछली उनकी सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में चलाई गए कई विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां समाजवादियों ने कई अभूतपूर्व काम किए।

उन्होंने कहा कि देश में 80 प्रतिशत लोगों का आधार कार्ड बन चुका है, लेकिन लोगों को उनका हक नहीं मिला है। उन्होंने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद से कहा कि आपकी जिम्मेदारी छिन गई, लेकिन अगर आप सेवा करोगे तो आपको आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493