नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। देश के पूर्व फुटबाल खिलाड़ियों ने कोच स्टीफन कांस्टेनटाइन की मौजूदा भारतीय फुटबाल टीम की जमकर तारीफ की है।
भारत को पांच सितंबर को एएफसी एशियन कप क्वालीफायर में मकाऊ के खिलाफ मैच खेलना है। इस मैच से पहले इस तरह की तारीफें मिलना टीम के लिए अच्छी खबर है।
भारत ने हाल ही में तीन देशों के नेशन कप में सेंट किट्स एंड नेविस के खिलाफ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ खेल अपने अपराजित क्रम को 10 मैचों तक बढ़ा लिया।
भारतीय टीम के लिए खेल चुके दीपक मोंडल ने कहा, “2011 का एशियन कप टीम के लिए काफी कुछ सिखाने वाला साबित हुआ। मौजूदा टीम सिर्फ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है बल्कि पुराने इतिहास को दोहराने के करीब है। कांस्टेनटाइन टीम में लड़ने की क्षमता लेकर आए हैं और इसने हमारी टीम को विपक्षी टीमों पर बढ़त दिलाई है।”
भारत के लिए सेंटर बैक की पोजिशन पर खेल चुके महेश गवली ने कहा, “एक पूर्व खिलाड़ी होने के नाते, हम अपनी राष्ट्रीय टीम का ग्राफ ऊपर बढ़ते देखना चाह रहे हैं। मैं खुश हूं कि वे अच्छा कर रहे हैं। मैं उन्हें उनके मकाऊ के खिलाफ होने वाले मैच से पहले शुभकामनाएं देता हूं।”
dharmpath.com dharmpath