गिब्सन बने दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के मुख्य कोच

जोहान्सबर्ग, 30 अगस्त (आईएएनएस)। ओटिस गिब्सन को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इस समय इंग्लैंड के गेंदबाजी कोच हैं। वह इस समय इंग्लैंड की वेस्टइंडीज के साथ चल रही श्रृंखला के बाद इंग्लैंड टीम का साथ छोड़ेंगे।

गिब्सन 2010-2014 तक वेस्टइंडीज टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा चुके हैं। 2012 में वेस्टइंडीज को टी-20 विश्वविजेता बनाना गिब्सन की बड़ी उपलब्धियों में रहा है। वह दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा कोच रसैल डोमिंगो का स्थान लेंगे।

क्रिकइंफो ने गिब्सन के हवाले से लिखा है, “अपने कोचिंग करियर में इस नई चुनौती को लेकर मैं खुश हूं। मैं क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) का मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद करता हूं और साथ ही इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) का मेरी स्थिति को समझने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।”

पूर्व तेज गेंदबाज गिब्सन ने कहा, “दक्षिण अफ्रीका में मैंने एक खिलाड़ी के तौर पर अच्छा समय बिताया था। मैं कोच के तौर पर एक बार फिर वहां वापसी के लिए तैयार हूं।”

सीएसए ने कोच पद के लिए आवेदन मंगाए थे, साथ ही डोमिंगो को भी दोबारा आवेदन करने को कहा था। ऐसी उम्मीद थी कि डोमिंगो को ही बोर्ड इस पद पर बनाए रखेगा लेकिन सीएसए ने गिब्सन को कोच के लिए चुना। पांच सदस्यीय कोच चयन समिति ने गिब्सन के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। इस समिति में दो पूर्व कोच गैरी कर्स्टन और एरिक सिमंस भी शामिल थे।

सीएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोगार्ट ने कहा, “बोर्ड की तरफ से मैं डोमिंगो का उनके टीम में दिए गए सकारात्मक योगदान के लिए शुक्रिया करता हूं। मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि वह हमारी ए टीम के मुख्य कोच रहेंगे। यह काफी अहम पद है क्योंकि यहीं से आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ी तैयार होते हैं। मैं ईसीबी का भी हमें समझने और हमारा साथ देने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493