चेन्नई, 5 सितंबर (आईएएनएस)। काफी लंबे समय से अपने खाते में हिट फिल्म का इंतजार कर रहे अभिनेता बॉबी सिम्हा ने कहा है कि यह सूखा उनकी आने वाली तमिल थ्रिलर ‘तिरुत्तु पयाले 2’ से खत्म हो जाएगा। यह फिल्म उनकी कमबैक फिल्म के तौर पर देखी जा रही है।
उन्हें इससे पहले वर्ष 2014 में आई तमिल क्राइम कॉमेडी ‘जिगरठंडा’ में निभाए गए यादगार किरदार में देखा गया था। बॉबी ने बतौर स्टार आधा दर्जन से ज्यादा फिल्मों में काम किया है, लेकिन उसे हिट कराने में कामयाब नहीं हो सके हैं।
बॉबी ने आईएएनएस को बताया कि यह उनके करियर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण फिल्म है। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक कमबैक है और मैं इसके लिए पूरी तरह से आश्वस्त हूं।”
वह इस फिल्म में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जिसका निर्देशन सुसी गणेशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं कॉलेज में था, जब इसका पहला भाग रिलीज हुआ था। मुझे याद है कि वास्तव में मैंने इस फिल्म को पसंद किया था। करीब एक दशक के बाद उसी कड़ी का एक हिस्सा होना, वो भी सुसी सर के साथ, खास होने का अनुभव कराता है। इस परियोजना ने मुझे चमकने के लिए सही मंच दिया है।”
इस फिल्म में दूसरे सितारे अमला पॉल और प्रसन्ना भी हैं जो उनके विरोधी का किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म को एजीएस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath