वाशिंगटन, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि उत्तर कोरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की संभावना हमेशा रहेगी लेकिन यह हमारी प्राथमिकता नहीं होगी।
उन्होंने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सैन्य कार्रवाई एक विकल्प है। क्या यह अनिवार्य है? कुछ भी अनिवार्य नहीं है।”
ट्रंप ने कहा, “मैं यकीनन सैन्य कार्रवाई का विकल्प पसंद नहीं करूंगा। मैं आपको बता दूं कि उत्तर कोरिया बहुत बुरी तरह से पेश आ रहा है और इसे रोकना होगा।”
ट्रंप ने बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ टेलीफोन वार्ता करने के बाद कहा कि चीन चाहता है कि उत्तर कोरिया की सरकार संयम बरते।
अमेरिका के रक्षा मंत्री जेम्स मैट्टिस ने पिछले रविवार को कहा था कि यदि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को कोई खतरा होता है तो उत्तर कोरिया को भारी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि उत्तर कोरियाई सरकार पहले ही अमेरिका के गुआम द्वीप स्थित अमेरिका की सैन्य इकाइयों पर हमला करने की योजना की बातें कर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath