2 सप्ताह में 290000 रोहिंग्या बांग्लादेश पहुंचे : संयुक्त राष्ट्र

ढाका, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने शनिवार को कहा कि म्यांमार के राखिने प्रांत में गत 25 अगस्त से फैली हिंसा के बाद यहां अबतक लगभग 290,000 रोहिंग्या मुस्लिम आ चुके हैं।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, अंतरक्षेत्रीय समन्वय समूह ने अपनी एक रपट में कहा कि यहां आए नए प्रवासियों में से कोई 1,43,000 प्रवासी अस्थायी बस्तियों और मौजूद शिविरों में रह रहे हैं, जबकि लगभग 90,000 प्रवासियों को स्थानीय समुदायों ने शरण दे रखी है।

रपट के अनुसार, इनके अलावा 56,000 रोहिंग्या मुस्लिमों को अस्थायी बस्तियों में रखा गया है। वहीं बड़ी संख्या में ये लोग बांग्लादेश के दक्षिण पश्चिम सीमा से सटे उखिया में सड़क किनारे भी रह रहे हैं। रोहिंग्या मुस्लिम इसी रास्ते से बांग्लादेश आ रहे हैं।

समूह ने खाद्य पदार्थो की तात्कालिक जरूरत पर जोर देते हुए कहा, “हमने 300,000 नए शरणार्थियों को आवश्यक जीवन रक्षक सहायता पहुंचाने के लिए 77,100,000 अमेरिकी डॉलर की आवश्यकता के लिए एक प्रारंभिक प्रतिक्रिया योजना तैयार कर ली है।”

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस हिंसा में अबतक 400 लोग मारे गए हैं। यहां हिंसा के बाद स्थानीय लोगों पर भीषण गोलीबारी, पूरे गांव को जलाने और मानवाधिकार उल्लंघन के अन्य मामले सामने आए हैं।

पिछले वर्ष भी म्यांमार के इस प्रांत में सैन्य कार्रवाई के बाद 80,000 रोहिंग्या मुस्लिम बांग्लादेश पहुंचे थे। इस साल पैदा हुई हिंसा से पहले बांग्लादेश में 300,000 से 500,000 के बीच रोहिंग्या समुदाय के लोग रहते थे, जिनमें से केवल 32,000 को शरणार्थी का दर्जा प्राप्त है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493