नोएडा, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। रीयल एस्टेट डेवलपर सुपरटेक ने मंगलवार को ऐलान किया है कि इसकी सभी परियोजनाओं को रेरा के तहत पंजीकृत किया जा चुका है और समूह वित्त वर्ष 2017-18 में अपनी 50 लोकेशनों पर 15,000 युनिट्स की समय पर डिलीवरी देने के लिए प्रतिबद्ध है। इनमें से ज्यादातर परियोजनाएं एनसीआर क्षेत्र में चल रही हैं।
रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम 2016 के तहत, डेवलपर्स के लिए अपनी सभी चालू, निमार्णाधीन एवं नई परियोजनाओं को संबंधित प्राधिकरण के समक्ष पंजीकृत कराना जरूरी है।
सुपरटेक लिमिटेड के अध्यक्ष आर. के. अरोड़ा ने कहा, “हम नए रेरा नियमों और विनियमों का 100 फीसदी अनुपालन कर चुके हैं। रेरा का अनुपालन उपभोक्ताओं का भरोसा जीतने का एक मौका है और हम इस मौके का सही फायदा उठाना चाहते हैं। उम्मीद की जा रही है कि रेरा पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ रीयल एस्टेट जगत को एक नया जीवन प्रदान करेगा।”
अरोड़ा ने कहा, “सुपरटेक ने अपनी साईट्स पर मैनपावर एवं कच्चे माल की आपूर्ति बढ़ाकर निर्माण कार्य तेज कर दिया है, ताकि समय पर परियोजनाओं को पूरा किया जा सके। कंपनी के पास अच्छा नकद प्रवाह है और कंपनी निर्माण कार्य के लिए आवश्यक वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है।”
उन्होंने बताया कि कंपनी को हाल ही में ग्रेटर नोएडा स्थित स्पोर्ट सिटी परियोजना के लिए पर्यावरण मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना को दिवाली के आसपास लांच किया जाएगा और यह अगले चार सालों में पूरी हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी अब तक 4 करोड़ वर्ग फीट क्षेत्रफल में 30,000 से ज्यादा युनिट्स की डिलीवरी दे चुकी है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुड़गांव, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और बेंगलुरू में इसकी सशक्त मौजूदगी है।
dharmpath.com dharmpath