वाशिंगटन, 12 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सीनेट ने श्वेत श्रेष्ठतावादी संगठनों की निंदा करने संबंधी एक प्रस्ताव पारित किया है और साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इन समूहों के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया है।
‘द हिल’ मैगजीन की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह लाए गए इस प्रस्ताव को सर्वसम्मिति से सोमवार रात उच्च सदन से मंजूरी मिली।
इस प्रस्ताव के पारित होने से पहले ही औपचारिक रूप से इसे सीनेट के बहुमत वाले नेता मिच मैककोनेल सहित 57 सीनेटरों का समर्थन प्राप्त हो गया था।
यह प्रस्ताव औपचारिक रूप से हिंसा और घरेलू हमलों की निंदा करता है, जिसकी झलक पिछले महीने वर्जीनिया के शेरलोटस्विले में एक श्वेत श्रेष्ठतावादी रैली में देखने को मिली थी।
इसके साथ ही ट्रंप और उनके प्रशासन से इन समूहों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कार्रवाई करने का भी आह्वान किया गया। प्रस्ताव में ट्रंप और उनके मंत्रिमंडल से आग्रह किया गया कि अमेरिका में इन समूहों के बढ़ते प्रसार को नियंत्रित किया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath