नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय जैज महोत्सव दिल्ली में 23 सितंबर से 25 सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में फ्रांस, इजरायल, कोरिया, मैक्सिको, स्पेन, ताइवान, दक्षिण अफ्रीका और भारत सहित कई अन्य देशों के सर्वश्रेष्ठ संगीत कलाकार भाग लेंगे।
आईसीसीआर की महानिदेशक रीवा गांगुली दास ने कहा, “इस कार्यकम में सात अंतर्राष्ट्रीय और तीन भारतीय जैज ग्रुप हिस्सा लेंगे। इन प्रसिद्ध बैंड के अलावा भारत के अन्य प्रसिद्ध बैंड को भी सुनने का अवसर मिलेगा। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा 2010 से आयोजित किए जाने वाले इस महोत्सव में दर्शकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर का जैज देखने को मिलेगा।”
पूरे विश्व के कलाकार इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बैंड द्वारा मंच को साझा किया जाएगा, महोत्सव में विश्व के कई भागों के कुछ प्रसिद्ध संगीतकार भाग लेंगे। इसके बाद यह ग्रुप गोवा, गुवाहाटी, आइजोल, शिलॉन्ग, बेंगलुरू, पुणे, मुंबई, वाराणसी और जयपुर में भी प्रस्तुति देंगे।
गांगुली दास ने कहा, “आईसीसीआर का मानना है कि संगीत, अन्य देशों के साथ रचनात्मक संवाद कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता हैं। इस तरह के महोत्सव हमारे देश के लोगों को विश्व स्तर के कलाकारों से रूबरू होने के साथ साथ अन्य दूसरे देशों के संस्कृति को समझने में हमारी मदद करते हैं।”
जैज 19वीं शताब्दी में अफ्रीकन-अमेरिकन समुदाय द्वारा विकसित किया गया था। जैज शैली ने बहुत लोकप्रियता हासिल की और सीमाओं को तोड़कर पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली है। आईसीसीआर पिछले सात वर्षो से जैज महोत्सव के आयोजन द्वारा देश की पीढ़ियों में इसकी लोकप्रियता को बढ़ाते हुए एक महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath