पणजी, 17 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी गायक व गीतकार जेसन डेरुलो भारत में पहली बार अपनी प्रस्तुति देने को लेकर उत्साहित हैं, जहां वह अपने कुछ प्रशंसकों से मिलना और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ लेना भी पसंद करेंगे।
‘इन माइ हेड’ के गायक पहले दिन गोवा के वगाटर में ‘टाइम आउट 72’ संगीत महोत्सव में प्रस्तुति देंगे। तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 27 दिसंबर से होगी।
डेरुलो ने अपने बयान में कहा, “नमस्ते इंडिया। मैंने देश के लोगों, संगीत, फिल्मों, संस्कृति के बारे में कई असाधारण कहानियां सुनी है और मैं टाइम आउट 72 में प्रस्तुति देने को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं निश्चित रूप से दिसंबर में इस यात्रा पर देश (भारत) को करीब से जानने और अपने प्रशंसकों से मिलने के लिए उत्सुक हूं और इसके अलावा स्थानीय भारतीय व्यंजनों और कुछ स्थानीय दर्शनीय स्थलों की यात्रा का भी इंतजार कर रहा हूं।”
महोत्सव के तीसरे दिन डच डीजे मार्टिन गैरिक्स प्रस्तुति देंगे, जो ‘एनिमल्स’ और ‘डोंट लुक डाउन’ जैसे गानों के लिए जाने जाते हैं।
डीजे ने कहा कि वह इस सुंदर देश में एक बार फिर से आने के लिए उत्सुक हैं। वह मुंबई, बेंगलुरू, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों में प्रस्तुति दे चुके हैं। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा पर भी जोर दिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath