रैली ऑफ राजस्थान सें बढ़त मजबूत करना चाहेंगे गिल

जयपुर, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। एमआरएफ एफएमएससीआई इंडियन नेशनल रैली चैम्पियनशिप-2017 का राउंड-3, जिसे ‘एमअरएफ रैली ऑफ राजस्थान’ भी कहा जाता है, में सबकी नजरें भारत के अग्रणी रैली चालक गौरव गिल पर होंगी।

इस रैली की शुरुआत शनिवार देर रात होगी क्योंकि एमआरएफ एफएमएससीआई आईएनआरसी में पहली बार नाइट स्टेज को शामिल किया गया है।

टीम महेंद्रा के चालक गौरव ने अपने नेवीगेटर मुसा शरीफ के साथ कोयम्बटूर में आयोजित पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया था। इस जोड़ी ने सभी स्टेज जीतते हुए 25 अंकों की बढ़त हासिल ली है।

अब तीसरे राउंड में भी यह जोड़ी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त को मजबूत करना चाहेगी। इस राउंड में सात स्टेज हैं और 30 चालक हिस्सा ले रहे हैं।

आईएनआरसी के मौजूदा चैम्पियन और मौजूदा आईएनआरसी 2 कर्णा कादूर और उनके सहचालक निखिल वी. पाई (आर्का मोटरस्पोर्ट्स-18 अंक) अपनी वीडब्ल्यू पोलो में गौरव और उनके नेवीगेटर को चुनौती दे सकते हैं।

इसके अलावा दो बार के आईएनआरसी चैम्पियन आमित्राजीत घोष और अश्विन नाइक (टीम महेंद्रा एडवेंचर-15 अंक), जो कि राउंड-1 में तीसरे स्थान पर रहे थे, भी अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करेंगे।

गिल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “नाइट स्टेज काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है। मैंने एसयूवी में कभी रात में रैली नहीं की है और इसी कारण पहले मुझे अपनी गाड़ी की लाइट बदलनी होगी। इसके अलावा हमें अलग भौगोलिक माहौल में भी रैली करनी है, इस कारण हमें अपना सेटअप, सस्पेंशन और टायर अच्छी हालत में रखने होंगे।”

इस साल एपीआरसी का फाइनल राउंड आईएएनआरसी चिकमंगलूर राउंड के साथ-साथ ही आयोजित होने वाला है और यह गिल के लिए नई चुनौती है। गिल ने कहा, “मैं आगे होने वाले राउंड में अधिक से अधिक अंक जुटाना चाहता हूं। इससे मेरी स्थिति मजबूत होगी।”

कर्णा ने बताया कि उनकी कार अब तक पूरी तरह अपग्रेड नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि यह काम अगले राउंड तक ही हो पाएगा। मैं इसे लेकर अधिक चिंतित नहीं हूं। मैं अपना श्रेष्ठ देते हुए अधिक से अधिक अंक हासिल करने का प्रयास करूंगा।”

एमआरएफ रैली ऑफ राजस्थान के तहत जयपुर के बाहरी इलाकों में 209 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इसके लिए 73.22 किलोमीटर के विशेष स्टेज तैयार किए गए हैं। यह स्टेज प्राइवेट और पब्लिक सड़कों के बीच से होकर गुजरेगा और इससे चालकों को अपना श्रेष्ठ देने की पूरी आजादी मिलेगी।

एमआरएफ एफएमएससीआई आईएनआरसी 2017 के प्रोमोटर और आरआरपीएम के निदेशक अरिंदम घोष ने कहा, “इस साल आईएनआरसी, आईएनआरसी2, आईएनआरसी3, एफएमएससीआई 4डब्ल्यूडी कप और एफएमएससीआई 2डब्ल्यूडी कप कटेगरी में खिताब और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। पहली बार जयपुर चरण में नाइट स्टेज का आयोजन हो रहा है और यह रात आठ बजे शुरू होगा। इस साल चालकों के सामने नई चुनौतियां होंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493