ठक्कर-शाह को स्लोवेनिया जूनियर टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में स्वर्ण

ओटोसेस (स्लोवेनिया), 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के मानव ठक्कर और मानुष शाह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को स्लोवेनिया ओपन जूनियर एवं कैडेट टेबल टेनिस ओपन में बालकों के युगल वर्ग का खिताब अपने नाम करते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया।

भारतीय जोड़ी ने खिताबी मुकाबले में चीनी ताइपे के फेंग सिन और ताई मिंग वेई को 11-7, 11-6, 17-15 से मात दी।

इससे पहले, दूसरी वरीय इस भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में हमवतन अनुक्रम जैन और स्नेहित सुरावाजुल्ला को 11-8, 8-11, 9-11, 11-7, 14-12 से मात दी थी।

फाइनल में भारतीय जोड़ी ने आक्रामक खेल खेला और अपने विपक्षी पर दबाव बनाए रखा। दाएं-बाएं हाथ के संयोजन ने चीनी ताइपे की जोड़ी को खूब परेशान किया।

अनुक्रम और स्नेहित ने चौथी वरीय जापान के ओटो अजासु और ताकेरु काशिवा को अंतिम-16 के मैच में 3-2 से मात दी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में स्थानीय जोड़ी तिलेन स्वेटको और पीटर हरिबर को कड़े मुकाबले में 11-13, 11-8, 13-11, 8-11, 11-8 से हराया।

सेमीफाइनल में इस जोड़ी ने मानव और मानुष की जोड़ी के सामने अच्छी प्रतिस्पर्धा पेश की।

वहीं, बालक एकल वर्ग में भारत की झोली में एक और पदक आना तय है। बालक कैडेट के फाइनल में जेहो हिमनाकुल्हपुनिंगहेता ने अपनी जगह पक्की कर ली है।

उन्होंने सेमीफाइनल में ईरान के राडिन खय्याम को सीधे गेमों में 11-5, 11-4, 11-9 से मात देते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका सामना आयरलैंड के ओवेन काथकार्ड से होगा। ओवेन ने सेमीफाइनल में क्रोएशिया के इवोव बान को 11-8, 11-1, 6-11, 11-5 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493