भारत अंडर-17 फुटबाल कोच ने टीम को अनुभवहीन बताया

नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-17 फुटबाल टीम के कोच लुइस नोर्टन डी माटोस ने अगले महीने से शुरू हो रहे फीफा अंडर-17 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली बाकी टीमों की तुलना में अपनी टीम को अनुभवहीन बताया है।

फीफा अंडर-17 विश्व कप भारत में छह से 28 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। भारत पहली बार फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रहा है।

मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में माटोस ने कहा, “इस स्तर पर राष्ट्रीय टीम की सबसे बड़ी समस्या अनुभव की कमी है। लेकिन, मैं चिंतित नहीं हूं। मुझे टीम पर विश्वास है।”

पुर्तगाल के रहने वाले 63 वर्षीय माटोस ने कहा, “मैं आपको उदाहरण दे सकता हूं। पुर्तगाल, स्पेन, जर्मनी, ब्राजील में खिलाड़ी छह साल से फुटबाल खेलना शुरू कर देते हैं और यहां 10-11 साल के अनुभव के साथ आते हैं, यह हमारी बड़ी समस्या है।”

माटोस ने हालांकि अपनी टीम का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “मैं इस बात को लेकर अशवस्त हूं कि यह टीम भारत की इस आयु वर्ग में अब तक की शायद सबसे मजबूत टीम है। प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव की कमी इस स्तर पर बड़ी समस्या है, लेकिन मुझे टीम पर पूरा विश्वास है और मैं खुद में और टीम में जोश देख सकता हूं। टीम जिस तरह से बढ़ रही है उससे मैं काफी खुश हूं।”

भारतीय टीम अगस्त में मैक्सिको गई थी जहां उसने मेजबान देश, चिली और कोलंबिया के साथ एक टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था।

कोच ने कहा, “जब मैंने फरवरी में कोच की जिम्मेदारी संभाली थी तब शुरुआत के कुछ सप्ताह खिलाड़ियों को समझने में बिताए। हर कोच का अपना एक अलग तरीका और प्रक्रिया होती है। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि यूरोप के दौरे के बाद से खिलाड़ियों में काफी सुधार हुआ है। वह एक ऐसा समूह है जो एकाग्र है और जिसने मेरे फुटबाल के तरीके को आसानी से अपना लिया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493