कोलकाता, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। सर्वोच्च अदालत द्वारा गठित की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) ने गुरुवार को राज्य संघों को कहा है कि घरेलू टूर्नामेंट के आयोजन में जो भी रकम उन्होंने लगाई है उसका भुगतान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) करेगी।
सीओए ने सभी राज्य संघों को एक ई-मेल के जरिए इस बात की जानकारी दी है। सीओए का यह कदम कुछ राज्य संघों द्वारा घरेलू टूर्नामेंट के आयोजन में किए गए खर्च का भुगतान बीसीसीआई से करने की मांग के बाद आया है।
राज्य संघों को लिखे गए पत्र की कॉपी आईएएनएस के पास है जिसमें लिखा गया है, “सर्वोच्च अदालत द्वारा 21 सितंबर 2017 को दिए गए आदेश के मद्देनजर सीओए इस बात की जानकारी देना चाहती है कि कुछ राज्य संघों ने घरेलू टूर्नामेंट के आयोजन में किए गए खर्च के भुगतान की मांग की थी।”
पत्र में लिखा है, “क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए, ताकि संबंधित राज्य संघों को किसी तरह की समस्या नहीं आए, इसलिए सीओए ने फैसला लिया है कि घरेलू टूर्नामेंट में वहन किए गए खर्च का भुगतान बीसीसीआई करेगी।”
सीओए ने लिखा है, “हालांकि किस राज्य संघ को कितनी रकम दी जाएगी इसका फैसला राज्य संघों द्वारा उपलब्ध कराए गए कागजों के आधार पर बीसीसीआई की वित्तीय टीम लेगी।”
सीओए ने राज्य संघों से उनके द्वारा खर्च की गई रकम के बारे में जानकारी देने को कहा है।
सीओए ने लिखा है, “बीसीसीआई की वित्तीय टीम के लिए यह पता लगा पाना मुश्किल होगा कि जो बिल राज्य संघों ने जमा किए हैं वह रकम वाकई में खत्म की गई है या नहीं इसलिए राज्य संघ का संबंधित अधिकारी एक पत्र लिख कर इस बात की पुष्टि करेगा।”
सीओए ने लिखा है, “उसी पत्र के आधार पर बीसीसीआई भुगतान करेगी।”
dharmpath.com dharmpath