वीगो (स्पेन), 30 सितम्बर (आईएएनएस)। जुआनपे की ओर से 85वें मिनट में किए गए गोल के दम पर गिरोना ने स्पेनिश लीग में खेले गए मैच में सेल्टा वीगो को ड्रॉ पर रोका।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, एस्तादियो डे बलाइदोस स्टेडियम में खेला गया यह मैच दोनों टीमों के बीच 3-3 से ड्रॉ रहा।
स्पेनिश लीग के सातवें दौर में शुक्रवार रात खेले गए इस मैच में आठवें मिनट में पियोने सिस्टो ने गोल कर सेल्टा क्लब का खाता खोला।
गिरोना के खिलाड़ी पोर्टु ने दो मिनट बाद 10वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।
क्रिस्टियन स्टुआनी ने 14वें मिनट में गिरोना के लिए गोल किया और टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी।
सेल्टा ने 16वें मिनट में माक्सी गोमेज की ओर से किए गए गोल के दम पर इस बढ़त को 2-2 से बराबर कर लिया।
इसके बाद, दूसरे हाफ में काफी समय तक दोनों टीमों के बीच बढ़त हासिल करने के लिए संघर्ष चलता रहा।
डेनियल वास ने 76वें मिनट में गोल कर सेल्टा को 3-2 से बढ़त दे दी। इस बढ़त के दम पर सेल्टा ने लगभग अपनी जीत पक्की कर ली थी, लेकिन मैच की समाप्ति से पांच मिनट पहले 85वें मिनट में जुआनपे ने गिरोना के लिए गोल कर प्रतिद्वंद्वी टीम की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और इस कारण दोनों टीमों के बीच का मैच 3-3 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
dharmpath.com dharmpath