नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। जर्मनी की अडंर-17 टीम के कोच क्रिस्टियन वुएक ने रविवार को कहा कि फीफा अंडर-17 विश्व कप टूर्नामेंट के अंडर-16 दौर में कोलंबिया के खिलाफ खेले जाने वाला मैच संघर्षपूर्ण और रोमांचक होगा।
दोनों टीमों के बीच यह मैच सोमवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के ग्रुप स्तर पर खेले गए मैचों में जर्मनी ने कोस्टा रिका और गिनी को मात दी थी, लेकिन उसे ईरान से हार का सामना करना पड़ा था।
ग्रुप स्तर पर दूसरे स्थान पर रहते हुए जर्मनी ने इस टूर्नामेंट के अंतिम-16 दौर में प्रवेश किया।
मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में वुएक ने कहा, “कोलंबिया ने विश्व चैम्पियनशिप में अच्छा मैच खेला था। भारत, घाना और अमेरिका के खिलाफ ग्रुप स्तर पर टीम के मुकाबले बेहद रोमांचक थे। हमारा मानना है कि सोमवार का मैच भी हमारे लिए बेहद रोमांचक होगा। कोलंबिया के पास काफी अच्छे तेज-तर्रार और मजबूत खिलाड़ी हैं।”
जर्मनी के कोच ने यह भी कहा कि उनका पहला लक्ष्य इस टीम के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम के लिए विकसित करना है। इस कारण यह जरूरी है कि खिलाड़ी इस प्रकार के टूर्नामेंटो में खेलें और प्रशंसकों तथा अन्य टीमों के बीच अपना प्रभाव कायम करें।
dharmpath.com dharmpath