महिला हॉकी : एशिया कप-2017 के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिला एशिया हॉकी कप-2017 के नौवें संस्करण के लिए भारत की महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है।

इस टूर्नामेंट की शुरुआत 28 अक्टूबर से जापान के काकामिगाहारा शहर में होगी। हॉकी इंडिया ने इसकी घोषणा की।

इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की कमान स्ट्राइकर रानी को सौंपी गई है, वहीं गोलकीपर सविता उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी।

यूरोप दौरे (नीदरलैंड्स और बेल्जियम) पर गई 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम को ही इस टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। हालांकि, इसमें पांच बदलाव किए गए हैं।

अनुभवी डिफेंडर सुशीला चानु पुखरंबम ने टीम में वापसी की है, वहीं फारवर्ड नवनीत कौर, नवजोत कौर और सोनिका को भी टीम में शामिल किया गया है।

भारत की महिला हॉकी टीम पहली बार अपने नए कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में किसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही है। जापान में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का लक्ष्य अच्छा प्रदर्शन कर महिला विश्व कप में स्थान हासिल करना होगा। महिला हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल लंदन में होगा।

महिला एशिया हॉकी कप-2017 के लिए भारतीय टीम को पूल-ए में चीन, मलेशिया और सिंगापुर के साथ शामिल किया गया है। उसका पहला मुकाबला 28 अक्टूबर को सिंगापुर के खिलाफ होगा।

वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के केंद्र में प्रशिक्षण ले रही है।

भारतीय टीम :-

गोलकीपर : सविता (उप-कप्तान), राजानी एतिमार्पु

डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, सुनीता लाकड़ा, सुशीला चानु पुखरंबम, सुमन देवी थोकाम, गुरजीत कौर

मिडफील्डर : निक्की प्रधान, नमिता टोप्पो, मोनिका, लिलिमा मिंज, नेहा गोयल

फारवर्ड : रानी (कप्तान), वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, सोनिका, नवनीत कौर, नवजोत कौर

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493