बैडमिंटन : श्रीकांत डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल में, प्रणॉय बाहर

ओडेंसी (डेनमार्क), 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत यहां जारी डेनमार्क ओपन टूर्नामेंट के पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। एक अन्य भारतीय पुरुष खिलाड़ी एचएस प्रणॉय को हालांकि हार का सामना करना पड़ा है।

श्रीकांत ने शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में मौजूदा विश्व चैम्पियन और टूर्नामेंट के दूसरे वरीय खिलाड़ी डेनमार्क के ही विक्टर एक्सेलसेन को हराया।

टूर्नामेंट के आठवें वरीय खिलाड़ी श्रीकांत और एक्सेलसेन के बीच यह मुकाबला 55 मिनट चला, जिसे श्रीकांत ने 14-21, 22-20, 21-7 से जीता।

अब श्रीकांत का सामना हांगकांग के विंग की विंसेंट वोंग से होगा। इन दोनों के बीच अब तक कुल चार मुकाबले हुए हैं। दो बार श्रीकांत की जीत हुई है।

एक अन्य पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में हालांकि भारत के प्रणॉय को हार मिली। प्रणॉय को कोरिया के वांग हो सोन ने हराया। टूर्नामेंट के शीर्ष वरीय खिलाड़ी ने प्रणॉय को 21-13, 21-18 से मात दी।

यह मुकाबला 44 मिनट चला। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच यह चौथा मुकाबला था। तीन बार वांग विजेता रहे हैं।

महिला एकल में भारत की स्टार सायना नेहवाल को शुक्रवार को हार मिली थी। सायना को जापान की अकाने यामागुची ने हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493