यांगून, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। म्यांमार सरकार ने देश के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर काम करते रहने की प्रतिबद्धता जताई है।
सिन्हुआ के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र की 72वीं वर्षगांठ के मौके पर मंगलवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू. हतिन क्याव ने कहा कि सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 72वें सत्र में हुई चर्चा के विषय ने शांति प्रक्रिया, सामंजस्य, लोकतंत्रीकरण, मानवाधिकारों की रक्षा और आर्थिक विकास के लिए उनके देश के प्रयासों को और गति दी है।
राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि इस विषय के अनुरूप संयुक्त राष्ट्र मेजबान देश की प्राथमिकताओं के अनुरूप सदस्य देशों के लोगों के राष्ट्र निर्माण और विकास के प्रयासों में अपना समर्थन बढ़ाएगा।
72वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा का विषय ‘शांति और एक दीर्घस्थायी ग्रह पर सभी के लिए सम्मानजनक जीवन के लिए प्रयासरत लोगों पर ध्यान केंद्रित करना है।’
क्याव ने पर्यावरण सरंक्षण और हर व्यक्ति के मौलिक अधिकारों के सम्मान के साथ ही मानवाधिकारों की रक्षा के प्रयास की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने सतत विकास के लक्ष्यों के 2030 के एजेंडे को हासिल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों और लोगों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
राष्ट्रपति ने कहा कि म्यांमार सरकार लोगों की सक्रिय भागीदारी और दुनियाभर में अपने दोस्तों के समर्थन के साथ सभी चुनौतियों को दूर करने का प्रयास करेगी।
dharmpath.com dharmpath