प्रो कबड्डी लीग : प्रदीप ने पुणे से छीनी जीत

मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीजन-5 में रेडिंग से कई रिकार्ड अपने नाम कर चुके प्रदीप नरवाल ने मंगलवार को एक बार फिर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लीग के एलिमिनेटर-3 में पुणेरी पल्टन के मुंह से जीत छीनते हुए अपनी टीम पटना पाइरेट्स को क्वालीफायर-2 में पहुंचा दिया।

एनएससीआई-एसवीपी स्टेडियम में पटना ने अंतिम समय में वापसी करते हुए पुणे को 42-32 से मात दी।

एलिमिनेटर-3 में जीत हासिल करने के बाद भी पटना को फाइनल में जाने के लिए क्वालीफायर-2 में बंगाल वॉरियर्स को मात देनी होगी। दूसरे क्वालीफायर में जीतने वाली टीम फाइनल में गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स से भिड़ेगी जिसने क्वालीफायर-1 में बंगाल को मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई है।

पटना ने यह मैच अंतिम आठ मिनटों में अपने नाम किया। इससे पहले पुणे पूरी तरह से पटना पर हावी थी। 31वें मिनट में पुणे 28-18 से आगे थी। पटना के डिफेंस ने पुणे के कप्तान और स्टार रेडर दीपक हुड्डा की रेड को असफल करते हुए दो अंक लिए। मोनू गोयट ने अगली रेड में सफलता हासिल करते हुए पटना के खाते में दो और अंक डाल दिए।

34वें मिनट तक पुणे 29-24 से आगे थी। इस पल प्रदीप ने अपना जादू दिखाया और चार अंक लेते हुए स्कोर 28-29 कर दिया। पटना के डिफेंस ने सुरेश कुमार को बाहर भेजते हुए 31-30 की बढ़त ले ली। प्रदीप ने स्कोर 32-30 कर दिया।

यहां से पुणे पिछड़ती चली गई और जीता-जिताया मैच हार गई। पटना के लिए प्रदीप ने 19 अंक लिए। पुणे के लिए दीपक ने सर्वाधिक नौ अंक जुटाए।

इससे पहले पुणे ने पहले हाफ में पटना पर बढ़त ले ली थी। हालांकि दोनों टीमों के बीच बराबरी का खेल देखने को मिला।

पटना सातवें मिनट तक 6-4 से आगे थी। पुणे ने दीपक के दम पर 14वें मिनट में स्कोर 12-12 से बराबर कर लिया और पटना को पीछे धकेलते हुए पहले हाफ का अंत 20-13 के स्कोर के साथ किया।

दूसरे हाफ के अंतिम मिनटों में वह अपने इस प्रदर्शन को कायम नहीं रख पाई और मैच गंवा बैठी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493