जमशेदपुर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। डिकू मुर्मु और गोमा सोरेन के तीन-तीन गोल के दम पर पीपुल्स अकादमी ने रिलायंस फुटबाल यूथ टूर्नामेंट के जूनियर ब्वॉयज क्वालीफायर में एनएमएल केरल पब्लिक स्कूल को बुधवार को 10-0 से हरा दिया। समुंत मलगांवकर स्टेडियम में खेला गया यह मैच पूरी तरह से एक तरफा रहा।
डिकू ने 21वें मिनट में अपना खाता खोला। इसके छह मिनट बाद सुनील टुडु ने दूसरा गोल किया। 30वें मिनट में डिकू ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके पांच मिनट बाद गोमा ने अपना खाता खोला। 40वें मिनट में सुनील ने अपना दूसरा करते हुए अपनी टीम को 5-0 की बढ़त दिला दी।
गोमा ने दूसरे हाफ की शुरुआत शानदार की और 47वें मिनट में गोल दागा दिया। इसके बाद 52वें और 53वें मिनट में भीम टुडु और विकास साहू ने गोल किए। 54वें मिनट में डिकू ने अपना तीसरा गोल मारा। एक मिनट बाद गोमा ने अपना तीसरा गोल करते हुए स्कोर 10-0 कर दिया।
जूनियर ब्वॉयज क्वालीफायर के दूसरे मैच में इसी मैदान पर एसपी हाईस्कूल के लिए प्रेम मुर्मु और राम चंद्र ने दो-दो गोल करते हुए टाटा वर्कर्स यूनिन हाईस्कूल, काडमा को 4-0 से मात दी। प्रेम ने नौवें और 43वें मिनट में गोल किए। राम चंद्र ने 21वें और 46वें मिनट में गोल दागे।
एसएम स्टेडियम में खेले गए जूनियर ब्वॉयज क्वालीफायर के एक और मुकाबले में ज्ञानदीप स्कूल ने केरल पब्लिक स्कूल को 4-1 से मात दी। हाफ टाइम तक ज्ञानदीप स्कूल की टीम 1-0 से आगे चल रही थी। उसके लिए 16वें मिनट में सुमित कर्माकर ने गोल मारा। साहिल लोहार ने 32वें और 60वें मिनट में दो गोल किए। वहीं आशीष टुडु ने 45वें मिनट में ज्ञानदीप के लिए गोल किया। केरल पब्लिक स्कूल के लिए एक मात्र गोल रोहित मुखी ने 49वें मिनट में किया।
dharmpath.com dharmpath