नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप-डी के मैच में गोवा के खिलाफ जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। पहली पारी में 635 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने वाली पंजाब ने गोवा को पहली पारी में 246 रनों पर ढेर करते हुए फॉलोऑन के लिए मजबूर किया और तीसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में भी 67 रनों पर दो विकेट चटका कर उसे बैकफुट पर धकेल दिया।
गोवा अभी भी पंजाब के 322 रन पीछे है। स्टम्प्स तक सगुन कामत 26 और अमोघ सुनील देसाई तीन रन बनाकर खेल रहे थे।
गोवा ने दूसरे दिन का अंत एक विकेट के नुकसान पर 94 रनों के साथ किया था। टीम के खाते में तीसरे दिन एक रन ही जुड़ा था कि स्वप्निल असोनदकर (29) पवेलियन लौट गए।
यहां से गोवा की टीम संभल नहीं पाई और लगातार विकेट खोती रही। पंजाब ने रघु शर्मा के चार और विनय चौधरी के तीन विकेटों के दम पर गोवा को 246 रनों पर ही समेट दिया।
दूसरी पारी खेलने उतरी गोवा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सुमिरन अमोनकर (5) और असोनदकर (26) के विकेट 57 के कुल स्कोर पर ही खो दिए।
वहीं ग्रुप-सी के मैच में बाबा इंद्रजीत (152) और यो महेश (नाबाद 103) ने अपनी शतकीय पारियों के दम पर तमिलनाडु को मुंबई के खिलाफ खराब स्थिति से बाहर निकालते हुए अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरे दिन पांच विकेट के नुकसान पर 239 रन बनाने वाली तमिलनाडु का मुंबई के पहली पारी के स्कोर 374 से आगे जाना मुश्किल लग रहा था, लेकिन पहले इंद्रजीत और फिर महेश ने उसे 450 तक पहुंचा दिया। महेश ने 216 गेंदों की पारी में नौ चौकों के अलावा चार छक्के लगाए।
तमिलनाडु ने मुंबई पर 76 रनों की बढ़त ले ली। अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मुंबई ने दिन का अंत एक विकेट के नुकसान पर 85 रनों के साथ किया। अभी उसकी तमिलनाडु पर नौ रनों की बढ़त है।
मुंबई ने पृथ्वी शॉ (5) के रूप में एक मात्र विकेट खोया। उन्हें विजय शंकर ने पवेलियन भेजा। श्रेयस अय्यर 56 रन बनाकर विकेट पर हैं। उनके साथ अखिल हेरवाडकर 24 रन बनाकर खले रहे हैं।
ग्रुप-ए के मैच में कर्नाटक ने हैदराबाद को मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया है। कर्नाटक ने चौथी पारी में हैदराबाद के सामने 380 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने तीसरे दिन 92 रनों पर अपने दो विकेट खो दिए हैं।
स्टम्प्स पर तन्मय अग्रवाल 43 रनों पर नाबाद थे जबकि कप्तान अंबाती रायडू 18 रन बनाकर खेल रहे हैं।
कर्नाटक ने दूसरे दिन का अंत चार विकेट के नुकसान पर 127 रनों के साथ किया था। दूसरे दिन नाबाद लौटने वाले कप्तान करुण नायर और स्टुअर्ट बिन्नी ने टीम को खराब स्थिति से बार निकालते हुए 332 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।
नायर ने 229 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौकों की मदद से 134 रन बनाए। बिन्नी ने 144 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 72 रनों की पारी खेली। हालांकि इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को कृष्प्पा गौतम ने अच्छी शुरुआत से वंचित रखा और 30 के कुल स्कोर पर अक्षत रेड्डी (15) को पवेलियन भेज दिया। श्रेयस गोपाल ने 50 के कुल स्कोर पर कोला समुंथ (9) का शिकार कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया।
इसके बाद तन्मय और रायडू ने दिन का खेल खत्म होने तक तीसरा विकेट नहीं गिरने दिया। तमिलनाडु अभी भी जीत से 288 रन दूर है।
dharmpath.com dharmpath