जमेशदपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। डुगु सोरेन के चार गोलों की मदद से नेताजी सुभाष चंद्र पब्लिक स्कूल ने रिलांयस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स फुटबाल टूर्नामेंट में मंगलवार को जूनियर ब्वॉयज क्वालीफाइंग वर्ग में गुलमोहर स्कूल (टाल्को) को 6-0 से मात दी।
टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेला गया यह मैच एकतरफा साबित हुआ। डुगु ने 29वें मिनट में पहला गोल मारा। इसके बाद उन्होंने 30वें, 37वें और 44वें मिनट में तीन और गोल दागे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी टीम के विशाल ने 34वें और 36वें मिनट में गोल किए।
जूनियर ब्वॉयज क्वालीफिकेशन के एक और मैच में चंद्र मोहन जैमिनी कांत महातो (सीएमजेकेएम) इंटर कॉलज ने लिटिल फ्लॉवर स्कूल (एलएफएस, टाल्को) को इसी मैदान पर 10-0 से मात दी।
सुनील हांसदा और अब्राहम मुर्मु ने तीन-तीन गोल किए जबकि जगमोहन मुर्मु ने दो गोल किए। सुशील सोरेन और चक्कु हांसदा ने एक-एक गोल किया।
इसी मैदान पर खेले तीसरे मैच में श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल ने दक्षिणा भारत महिला समाज (डीबीएमएस) लिलिपुट स्कूल को टाईब्रेकर में 5-3 से मात दी। निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर रही थीं।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए गारोही राज सिंह ने 35वें मिनट में गोल करते हुए श्री कृष्ण स्कूल को 1-0 से आगे कर दिया। उनकी जीत करीब लग रही थी, लेकिन 60वें मिनट में डीबीएमएस के लिए रोहन लोहार ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
पेनाल्टी शूटआउट में शुभम कुमार, सन्नी कुमार, अरोज खान, आकाश कुमार ठाकुर ने श्री कृष्ण स्कूल के लिए गोल किए। वहीं डीबीएमएस स्कूल की शुरुआत बेहद खराब रही। कृष्ण मुखी और रोहित दास गोल नहीं कर पाए। दीपल हेमब्राम और रोहन लोहार ने गोल किए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
dharmpath.com dharmpath