महिला हॉकी : गुरजीत की हैट्रिक, भारत एशिया कप सेमीफाइनल में (लीड-1)

काकामिघारा (जापान), 2 नवंबर (आईएएनएस)। गुरजीत कौर की हैट्रिक के साथ ही कजाखस्तान को 7-1 से शिकस्त देने के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप टूर्नामेंट-2017 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

काकामिघारा कवास्की स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय टीम के लिए गुरजीत के अलावा, दीप ग्रेस एक्का और नवनीत कौर ने दो-दो गोल किए।

भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच में हार का सामना नहीं किया और इस कारण वह पूल-ए में नौ अंकों के साथ शीर्ष पर है।

मैच की शुरुआत के दूसरे ही मिनट में वीरा दोमाशनेवा ने फील्ड गोल कर कजाखस्तान का खाता खोला। हालांकि, इसके बाद टीम को इस मैच में दूसरा गोल करने का मौका नहीं मिला।

इसके बाद 22 वर्षीया गुरजीत ने चौथे मिनट में गोल कर भारत का खाता खोलते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दीप ने दूसरे क्वार्टर में 16वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर मिले अवसर को गोल में तब्दील करते हुए टीम को 2-1 से बढ़त दी।

इसके बाद नवनीत ने 22वें और 27वें मिनट में दो गोल कर भारतीय टीम को 4-1 से मजबूती दी। तीसरे क्वार्टर में दीप (41वें मिनट) ने एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-1 किया।

गुरजीत ने यहां पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 42वें और 56वें मिनट में गोल कर न सिर्फ अपनी हैट्रिक पूरी की, बल्कि भारतीय टीम को कजाखस्तान पर 7-1 से जीत दिलाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493