नई दिल्ली/चेन्नई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई में हवाई नौवहन सेवाओं को बढ़ाने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने सोमवार को कहा कि उसने शहर के हवाईअड्डे पर नया उपकरण लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) लगाया है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अनुसार, नए आईएलएस को लगाने में पांच करोड़ रुपये की लागत आई है।
इस आईएलएस प्रणाली से बारिश, धुंध इत्यादि के दौरान भी चेन्नई हवाईअड्डे पर हवाई जहाजों की लैंडिंग काफी आसानी से हो सकेगी।
सरकारी कंपनी ने एक बयान में कहा, “नए आईएलएस की स्थापना, संरेखण, परीक्षण, उड़ान निरीक्षण से जुड़े कार्य एएआई के सीएनएस तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा आंतरिक रूप से संपन्न किए गए हैं।”
नए आईएलएस में एक अत्यधिक दिशा सूचक एंटीना प्रणाली-वाइड अपर्चर लॉग पीरियोडिक एंटीना एरे (एलपीडीए) प्रणाली का उपयोग किया गया है।
इस एंटीना प्रणाली से पुराने आईएलएस की कवरेज संबंधी सीमाओं को समाप्त कर दिया है और अब यह विमान को अत्यंत कम ऊंचाई पर भी बेहतर परिशुद्धता के साथ मार्गदर्शन प्रदान कर सकती है। इससे लैंडिंग के दौरान विमान की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
dharmpath.com dharmpath