‘बलमा रंगरसिया’ बिहार, झारखंड में 10 नवंबर को रिलीज होगी

पटना, 7 नवंबर (आईएएनएस)। बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘बलमा रंगरसिया’ 10 नवंबर को संपूर्ण बिहार और झारखंड में एक साथ रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही इस फिल्म के गाने लोगों की जुबान पर हैं।

गांधी एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित ‘बलमा रंगरसिया’ के निर्माता विश्वनाथ पोद्दार ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि फिल्म के प्रदर्शन की तैयारी पूरी की जा चुकी है और यह फिल्म 10 नवंबर को एक साथ बिहार और झारखंड में रिलीज होगी।

उन्होंने बताया कि ‘बलमा रंगरसिया’ के गाने और ट्रेलर के रिलीज होते ही दर्शक बेसब्री से फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।

‘बलमा रंगरसिया’ की अधिकांश शूटिंग बिहार और मुंबई में हुई है। बिहार के दर्शक इस फिल्म में अपने क्षेत्र के फिल्माए गए दृश्यों को देखने के लिए ज्यादा उतावले हैं और फिल्म के रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

बिहार व झारखंड में इस फिल्म का वितरक ‘मां गिरिजा फिल्म्स’ करेगी। फिल्म में मुख्य भूमिका सुंदरम, अमर ज्योति और सुधीर कुमार ने निभाया है। फिल्म के रिलीज को लेकर उत्साहित अभिनेता सुंदरम कहते हैं, “आशा है, इस फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलेगा। यह एक उम्दा और साफ-सुथरी फिल्म है। इसे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है।”

निर्देशक ओंकार आनंद कहते हैं, “इस फिल्म से मुझे काफी उम्मीदें हैं। फिल्म में दर्शकों के मनोरंजन के लिए हर वह चीज है, जिनका दर्शकों को इंतजार रहता है। यह फिल्म स्वस्थ प्रेम कहानी पर आधारित एक मनोरंजक फिल्म है, जिसके गीत-संगीत भी काफी कर्णप्रिय हैं।”

इस फिल्म में विश्वनाथ पोद्दार और विदेशी शर्मा ने गीत लिखे हैं, जबकि गणेश एस़ पाठक ने संगीत दिया है। फिल्म की कहानी भोला बसंत ने लिखी है। इस फिल्म की शूटिंग बिहार के बेगूसराय और मुंबई के विभिन्न स्थानों पर की गई है।

‘आइटम क्वीन’ सीमा सिंह, अली खान, आशुतोष खरे, रूपा सिंह, रंजना देसाई व श्वेता भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे और निर्माता विश्वनाथ पोद्दार भी योगी के भूमिका में नजर आएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493