जमशेदपुर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स फुटबाल टूर्नामेंट के सीनियर ब्वॉयज श्रेणी में श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज (खासमहल) ने सोमवार को एसएस प्लस2 हाई स्कूल को 2-0 से हरा दिया।
एसपी कॉलेज के लिए मैच का पहला गोल लखन गुइया ने 16वें मिनट में किया। इसके बाद हालांकि एसएस स्कूल के लड़कों ने मजबूती से वापसी की कोशिश की और अपनी विपक्षी टीम के आगे और कोई सफलता हासिल करने से रोके रखा।
मैच के अंतिम क्षणों में हालांकि एसपी कॉलेज ने इस डेडलॉक को खत्म किया और 52वें मिनट में किए गए गोल की मदद से 2-0 से यह मैच अपने नाम किया।
आर्मरी ग्राउंड पर खेले गए सीनियर ब्वॉयज श्रेणी के एक अन्य मैच में प्लेयर ऑफ द मैच मनोहर बोर्डा द्वारा 19वें मिनट में किए गए गोल की मदद से आदिवासी प्लस2 हाई स्कूल ने जमशेदपुर पब्ल्कि स्कूल को 1-0 से हराया।
सोमवार को जूनियर लीग में भी कांटे के मुकाबले देखने को मिले। इस वर्ग में गिटिलता हाई स्कूल ने चंद्र मोहन जैमिनी कांत महतो इंटर कॉलेज को एक गोल से हराया। टिनप्लेट मैदान पर खेले गए इस मैच का एकमात्र गोल निपेन सरदार ने 44वें मिनट में किया।
इसी तरह सिद्धू कानू शिक्षा निकेतन ने भी वानी विद्या मंदिर को जूनियर व्बॉयज श्रेणी में 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल खुदु सोरेन ने 24वें मिनट में किया।
dharmpath.com dharmpath