आस्ट्रेलिया पूरी आक्रमकता के साथ खेले : रूट (लीड-1)

टाउंसविले, 14 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाली प्रतिष्ठित एशेज सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच बयानबाजी का दौर पूरे शबाब पर है।

ऐसे में इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट ने एशेज सीरीज में आस्ट्रेलिया से पूरी आक्रमकता के साथ खेलने को कहा है।

रूट का मानना है कि उनकी टीम उस आक्रामक क्रिकेट के लिए तैयार है, जो उसने चार साल पहले खेली थी।

रूट ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, “मैंने प्रतिद्वंद्वी टीम की ओर से कई बयान सुने हैं, जिसमें मुझे निशाना बनाया गया। आप इसी तरह का प्रतिस्पर्धी माहौल चाहते हैं और इस तरह की प्रतिद्वंद्विता कम रह गई है।”

उन्होंने कहा, “यह एक बेहतरीन सीरीज होनी चाहिए और देखा जाए, तो आस्ट्रेलिया के पास बहुत बेहतरीन खिलाड़ी हैं। इसमें कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जो इस सीरीज को शानदार बनाएंगे।”

रूट ने साथ ही आस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण से इंग्लैंड के डर की खबरों को बकवास बताया है। उन्होंने हालांकि माना है कि पिछली एशेज में 5-0 से मिली हार के बाद इस तरह की बातें जरूर उठेंगी।

रूट के मुताबिक, “कई तरह की बातें उठ रही हैं। कुछ अच्छी बातें हैं और कुछ बकवास। पिछले साल इससे हमें परेशानी हुई थी, लेकिन इस बार हम इससे निपटने के लिए तैयार हैं। हम किसी भी तरह की स्थिति के लिए तैयार हैं और पहले मैच में वे जो भी हमारे साथ करेंगे, उसके लिए हम तैयार हैं।”

उन्होंने कहा, “हम गाबा में काफी गरम माहौल की उम्मीद कर रहे हैं। हम अच्छी स्थिति में हैं और हर चुनौती के लिए तैयार हैं।”

उन्होंने कहा, “इंग्लैंड के नजरिए को बताने के लिए डर सही शब्द नहीं है, शायद सम्मान सही शब्द है। उनका गेंदबाजी आक्रमण काफी अच्छा है, लेकिन हमारी टीम में काफी विशेषता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493