लंदन, 30 नवंबर (आईएएनएस)। ओलिविएर गिरोड और मेसुट ओजिल के शानदार प्रदर्शन के दम पर आर्सेनल ने हडर्सफील्ड को इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेले गए मैच में 5-0 से मात दी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, इस जीत के साथ ही लीग सूची में आर्सेनल दूसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर युनाइटेड से चार अंक पीछे है।
युनाइटेड और आर्सेनल का सामना शनिवार को लीग में लंदन के एमिरात स्टेडियम में होगा।
पहले हाफ के तीसरे मिनट में ही एलेक्जेंडर लाकाजेते की ओर से किए गए गोल के दम पर आर्सेनल ने अपना खाता खोला। टीम ने पहले हाफ का समापन 1-0 की बढ़त के साथ किया।
इसके बाद, गिरोड ने 68वें मिनट में ओजिल से मिले पास को गोल में तब्दील कर टीम को बढ़त दी। ओजिल ने एक बार फिर फुटबाल को अपने काबू में रख एलेक्सिस सांचेज को पास दिया और 69वें मिनट में सांचेज ने आर्सेनल के लिए मुकाबले का तीसरा गोल दागा।
ओजिल ने 72वें मिनट में आर्सेनल के लिए चौथा गोल किया। हडर्सफील्ड क्लब की सारी कोशिशें नाकाम हो रही थीं।
गिरोड ने मैच की समाप्ति से तीन मिनट पहले 87वें मिनट में आर्सेनल के लिए एक और गोल दागकर टीम को हडर्सफील्ड के खिलाफ 5-0 से जीत दिलाई।
dharmpath.com dharmpath