नई दिल्ली, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। विश्व की सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी समिति, इफको ने शुक्रवार को योगेंद्र कुमार को इफको का नया विपणन निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की है।
कंपनी की तरफ से जारी बयान के अनुसार, कुमार अरबिंदा रॉय की जगह लेंगे, जो इफको में 31 सालों की सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
योगेंद्र कुमार, चंद्रशेखर आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, कानपुर से एग्रीकल्चर में बैचलर डिग्री धारक हैं। कुमार, अपनी गतिशीलता और उत्साह के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सागरिका के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो एक जैविक उत्पाद है जो फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में बहुत उपयोगी है। इफको के साथ अपने 36 साल के व्यावहारिक यात्रा के दौरान, कुमार ने नीम तेल और अन्य उपयोगी नीम आधारित उत्पादों के उत्पादन में वृद्धि के लक्ष्य के साथ नीम की खेती को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
योगेंद्र कुमार ने कहा, “इफको के विपणन निदेशक के तौर पर पदोन्नत होने पर मुझे काफी खुशी है। यह मेरे लिए एक बड़ा सम्मान है। हमेशा की तरह इफको को मुझसे काफी अपेक्षाएं हैं और मेरे समक्ष प्राप्त करने के लिए विशाल लक्ष्य है। मेरा मुख्य उद्देश्य हमारे प्यारे किसानों के लिए बेहतर मूल्य प्रदान करना है और कृषि संचालित प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करना है जो सीधे उन पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।”
कुमार दिल्ली में कंपनी के प्रबंध निदेशक, डॉ.यू.एस.अवस्थी को रिपोर्ट करेंगे।
dharmpath.com dharmpath