नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। निर्देशक रीमा दास की ‘विलेज रॉकस्टर्स’ आगामी स्माइल इंटरनेश्नल फिल्म फेस्टिवल फॉर चिल्डर्न एंड यूथ (सिफ्सी) के तीसरे संस्करण की उद्घाटन फिल्म होगी।
राष्ट्रीय राजधानी के सिरीफोर्ट प्रेक्षागृह में 11 से 17 दिसम्बर तक होने वाले इस फिल्म महोत्सव में 100 से अधिक फिल्में प्रदर्शित होंगी। इनमें 30 देशों से फीचर फिल्म, नॉन-फीचर, शार्ट, वृत्तचित्र और बच्चों की फिल्में शामिल होंगी।
इस साल जिन फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा, उनमें ‘क्लाउड बॉय’, ‘जुनोद’ और ‘ग्लासेस’ शामिल होंगी।
सिफ्सी के महोत्सव निदेशक जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “यह संस्करण हाल की गुणवत्ता वाली फिल्मों से दर्शकों को रुबरु कराएगा। लैंगिक समानता, पर्यावरण, पारिवारिक मूल्य, दोस्ती, आकांक्षाएं, सपने, आत्मविश्वास और दुनिया भर से शिक्षा के महत्व से शुरू होने वाले विभिन्न विषयों के वर्गीकरण के साथ दर्शकों को दिखाया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “हमने इस विशेष कार्यक्रम को दुनिया भर में यात्रा कर और सीमाओं को तोड़कर डिजाइन किया है, जिससे हम अपने स्थानीय बच्चों और युवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ विश्व सिनेमा ला सकें।”
इस संस्करण में हालैंड के सिनेमा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें 10 डच फिल्मों को दिखाया जाएगा और इन्हें यूरोपियन चिल्ड्रेन्स फिल्म एसोसिएशन के गर्ट हर्मन द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath