मॉस्को, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) द्वारा रूस को अगले साल होने वाले शीतकालीन ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित करने के फैसले को रूस के खेल मंत्री पावेल क्लोबकोव ने विवादस्पद करार दिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पावेल क्लोबकोव ने कहा कि यह निर्णय विवादास्पद है। रूस में पारदर्शी प्रतिस्पर्धा ही खेल के विकास का आधार रही है।
पावेल ने कहा, “यह फैसला विवादस्पद है। हमारे देश में पारदर्शी प्रतिस्पर्धा ही खेल के विकास का आधार रही है। हालांकि, आईओसी बोर्ड की बैठक के परिणामों के संबंध में आधिकारिक दस्तावेजों की जांच के पहले इस मामले पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।”
रूसी संसद के निचले सदन के उपाध्यक्ष इगोर लेबेदेव ने कहा कि रूस को 2018 शीतकालीन ओलंपिक खेलों में हिस्सा नहीं लेना चाहिए। रूसी एथलीटों का तटस्थ ध्वज के तहत हिस्सा लेना देश के लिए अपमानजनक है।
आईओसी ने कहा कि रूस की राष्ट्रीय टीम पर प्रतिबंध लगाने का फैसला कई डोपिंग आरोपों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
आईओसी ने हालांकि, यह भी कहा है कि डोपिंग आरोपों से मुक्त रूसी एथलीट प्योंगचांग में होने वाले शीतकालीन ओलम्पिक खेलों में ओलम्पिक ध्वज के तहत हिस्सा ले सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath