मुंबई, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। अभिनेता अध्ययन सुमन अपना पहला एकल गीत जारी करने जा रहे हैं। इससे ठीक दस वर्ष पूर्व उनके पिता शेखर सुमन ने वर्ष 2007 में अपना पॉप सॉन्ग एल्बम ‘कुछ ख्वाब ऐसे’ जारी किया था।
हर्षित चौहान द्वारा रचित, गीत के वीडियो की शूटिंग गोवा में हुई है। इसमें अध्ययन इटैलियन मॉडल जेनिफर पिकीनातो के साथ दिखाई देंगे। यह 20 दिसंबर को जारी होगा।
अध्ययन ने कहा, “मैं अपने पिता को गीत को पहला ड्राफ्ट सुनाते हुए बहुत घबरा रहा था। वह मेरे काम के बहुत बड़े आलोचक हैं और उन्होंने इसे सुनकर इसकी सराहना की। इससे मुझे आगे बढ़ने के लिए बहुत ताकत और साहस मिला।”
उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह इत्तेफाक है कि मेरा पहला गीत मेरे पिता के गीत के ठीक 10 वर्ष बाद आ रहा है।”
अभिनेता ने बताया कि इस गाने को बनाने में उन्हें लगभग चार महीने लगे।
dharmpath.com dharmpath