यात्री कारों की बिक्री 4 फीसदी बढ़ी (लीड-1)

नई दिल्ली, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। यात्री कारों की घरेलू बिक्री में नवंबर में पिछले साल के समान माह की तुलना में 4.49 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। उद्योग के आंकड़ों से सोमवार को यह जानकारी मिली।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चर्स (सियाम) के मुताबिक, समीक्षाधीन अवधि के दौरान 1,81,395 यात्री कारें बेची गईं, जबकि 2016 के नवंबर में 1,73,607 कारें बेची गई थीं।

समीक्षाधीन अवधि में यात्री कारों की बिक्री के अलावा यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 44.65 फीसदी बढ़कर 77,824 रही जबकि वैन की बिक्री 19.34 फीसदी बढ़कर 16,189 रही।

इस दौरान कुल घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री 14.29 फीसदी बढ़कर 275,417 रही जबकि नवंबर 2016 में यह 240,983 थी।

इसी प्रकार से उद्योग के आंकड़ों से पता चलता है कि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में नवंबर में 50.43 फीसदी की तेजी आई और कुल 68,846 वाहनों की बिक्री हुई। यह खंड अर्थव्यवस्था की गतिविधियों का प्रमुख संकेतक है।

एक और महत्वपूर्ण खंड, तिपहिया वाहनों की बिक्री में समीक्षाधीन माह में 78.63 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल 60,131 वाहनों की बिक्री हुई।

इसके अलावा, दोपहिया वाहनों की बिक्री में 23.49 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल 15,35,277 वाहनों की बिक्री हुई, जिसमें स्कूटर, मोटरसाइकिल और मोपेड शामिल हैं।

उद्योग के आंकड़ों से पता चलता है कि भारतीय वाहन क्षेत्र में नवंबर के दौरान 24.05 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और सभी खंडों और श्रेणियों को मिलाकर कुल 19,39,671 वाहनों की बिक्री हुई।

पिछले महीने निर्यात में 23.25 फीसदी की वृद्धि हुई और कुल 3,51,847 वाहनों का निर्यात किया गया।

ग्रांट थार्नटन इंडिया एलएलपी के भागीदार श्रीधर वी ने बताया, “इस साल मिड साइज सेडान, प्रीमियम दोपहिया वाहनों और स्कूटर के खंड में अच्छी वृद्धि देखी गई, जिसमें ग्रामीण मांग का भी अच्छा योगदान रहा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493