नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के तीसरे सीजन का दिल्ली चरण बुधवार से शुरू हो रहा है, जहां चेन्नई स्मैशर्स और मुंबई रॉकेट्स की टीमें सिरी फोर्ट इंडोर स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
इस सीजन के पहले मैच में मौजूदा विजेता चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह अपने दूसरे मैच में मुंबई की लय को तोड़ने की पूरी तैयार में हैं। इस सीजन की विजयी शुरुआत करने वाली मुंबई अपने विजय रथ को दिल्ली में भी आगे ले जाने की कोशिश करेगी।
चेन्नई की कप्तान पी.वी. सिंधु ने मैच से पहले कहा, “गुवाहाटी में पहला मैच हम लखनऊ के खिलाफ 4-3 से हार गए थे, लेकिन कुल मिलाकर टीम अच्छा खेल रही है। हार-जीत खेल का हिस्सा है। इसलिए यह जरूरी है कि टीम अपना सौ फीसदी दे, बाकी मैच पर निर्भर करता है। हम जिस तरह से तैयारी कर रहे हैं और खेल रहे हैं उससे टीम काफी खुश है। हम कल (बुधवार को) पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।”
वहीं मुंबई के समीर वर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अपने पिछले मैच में विश्व में 15वीं वरीयता प्राप्त वोंग विंग विसेंट को मात दी थी, वो भी सीधे गेमों में। वह अगले मैच में भी अपनी इस फॉर्म को जारी रखना चाहते हैं।
विश्व में 30वीं वरीयता प्राप्त समीर ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं और इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखना चाहूंगा। पहला मैच काफी मुश्किल था, मुझे लगता है कि यह मैच भी काफी मुश्किल होगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहूंगा और अपनी टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा अंक लेना चाहूंगा।”
मैच :
महिला एकल : पी.वी. सिंधु बनाम वेइवान झांग
पुरुष एकल : सान वान हो बनाम ब्राइस लेवेर्डेज
मिश्रित युगल : क्रिस/गैब्रिएल एडकॉक बनाम ली योंग डेए/ गैब्रिएल स्टेओवा
dharmpath.com dharmpath