नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। लद्दाख में रहनेवाले शिक्षा सुधारवादी, प्रवर्तक और उद्यमी सोनम वांगचुक का लक्ष्य हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख (एचएआईएल) के पहले स्कूल की स्थापना के लिए 26 जनवरी तक क्राउड-फंडिंग के जरिए सात करोड़ रुपये जुटाने का है।
वांगचुक ‘3 इडियट्स’ फिल्म के चरित्र फुंगसु वांगडु की प्रेरणा देने के लिए जाने जाते हैं, यह चरित्र आमिर खान ने निभाया था।
एचआईएएल का लक्ष्य हिमालय क्षेत्र के विभिन्न देशों के युवाओं को पहाड़ में रहनेवालों के सामने मौजूद मुद्दों से विशेषरूप से शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरण के क्षेत्र के मुद्दों से निपटने के लिए अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) में शामिल करना है।
इस विश्वविद्यालय का लक्ष्य ‘परंपरागत सोच के दायरों को तोड़ने, लोगों के जीवन के लिए प्रासंगिक होने, और ज्ञान के व्यवहारिक उपयोग के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना’ भी है।
वांगचुक के मुताबिक, अब तक क्राउड-फंडिंग के जरिए 4.6 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं।
वांगचुक ने कहा, “हमें उम्मीद है कि क्राउड-फंडिंग का लक्ष्य इस साल 28 जनवरी तक पूरा हो जाएगा। उसके बाद कॉरपोरेट से सात करोड़ रुपये इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है।”
वांगचुक ने कहा कि आगामी विश्वविद्यालय के पहले स्कूल – स्कूल ऑफ इंटेग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट के लिए कुल 14 करोड़ रुपये की जरूरत है।
कॉरपोरेट फंडिंग को लेकर, वांगचुक ने कहा कि “उनकी टीम विश्वविद्यालय में योगदान के लिए भारतीय रेल के साथ बातचीत कर रही है।”
अपनी निजी क्षमता से वांगचुक ने कुल विश्वविद्यालय परियोजना में करीब 2.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जिसमें उन्हें रोलेक्स अवार्ड पुरस्कार में मिला धन और उनके व्याख्यान दौरों से प्राप्त धन शामिल है।
अनुमान है कि इस विश्वविद्यालय को अपनी पूर्ण क्षमता प्राप्त करने में 12 साल लगेंगे, जबकि इसका पहला चरण साल 2020 तक पूरा हो जाएगा, जिसकी कुल लागत 150 करोड़ रुपये से अधिक होगी।
dharmpath.com dharmpath