मेलबर्न, 10 जनवरी (आईएएनएस)। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी और रामकुमार रामनाथन ने बुधवार को आस्ट्रेलिया ओपन क्वालीफायर में अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की है।
टूर्नामेंट के 15वीं वरीय युकी ने क्वालीफायर के पहले दौर में कनाडा के ब्राडले शुनर को 1-6, 6-3, 6-4 से मात दी।
युकी का सामना अब क्वालीफायर के अगले दौर में स्पेन के कार्लोस टेबरनेर से होगा।
इसके अलावा, 28वीं वरीय रामकुमार ने अमेरिका के ब्रेडले क्लाहन को 6-7(8), 7-6(3), 6-2 से हराया। उनका सामना अगले दौर में फ्रांस के ग्लेब साखारोव से होगा।
इस क्वालीफायर में हालांकि, सुमित नागल और प्रजनेश गुनेस्वरम का सफर समाप्त हो गया।
नागल ने पुणे में अपनी पहली एटीपी वर्ल्ड टूर प्रतियोगिता खेली थी। उन्हें आस्ट्रेलिया ओपन क्वालीफायर में इटली के एलेसांड्रो गियानेसी से 6-7(5), 6-3, 3-6 सेटों से हार का सामना करना पड़ा।
गुनेस्वरम को जर्मनी के टोबियास कामके ने 6-1, 1-6, 2-6 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
dharmpath.com dharmpath