क्राइस्टचर्च, 12 जनवरी (आईएएनएस)। एक क्रिकेट खिलाड़ी के जीवन का सबसे अहम पड़ाव समझा जाने वाले आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के 12वें संस्करण की शुरुआत शनिवार से न्यूजीलैंड में हो रही है।
22 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के पहले दिन चार मैच खेले जाएंगे जिसमें मौजूदा विजेता वेस्टइंडीज और दो बार की विजेता पाकिस्तान के अलावा मेजबान टीम और अफगानिस्तान की टीम ंमैदान पर उतरेंगी।
वेस्टइंडीज का सामना न्यूजीलैंड से तोरंगा में होगा जबकि पाकिस्तान वानगराई में अफगानिस्तान से भिड़ेगी।
पहले दिन खेले जाने वाले अन्य मैचों में बांग्लादेश का सामना नामिबिया से होगा जबकि पापुआ न्यू गिनी को जिम्बाब्वे से भिड़ना होगा।
विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन जैसे मौजूदा समय के दिग्गज खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से निकले हैं।
तीन बार की विजेता भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम की कमान इस विश्व कप में युवा प्रतिभाशाली बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के हाथों में है। कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन वाली भारत को इस विश्व कप में अपना पहला मैच रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ माउंट माउंगनुई के वे ओवल मैदान पर खेलना है।
इस युवा विश्व कप में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत, आस्ट्रेलिया के अलावा ग्रुप-बी में पापुआ न्यू गिनी और जिम्बाब्वे को रखा गया है।
ग्रुप-सी में बांग्लादेश, कनाडा, इंग्लैंड और नामिबिया को रखा गया है। वहीं ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, आयरलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका को रखा गया है।
आस्ट्रेलिया के बाद भारत को 16 जनवरी को गिनी का सामना करना होगा जबकि विश्व कप के अपने तीसरे मैच में उसे 19 जनवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है।
विश्व कप का फाइनल मैच 3 फरवरी को माउंट माउंगनुई में खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath