दुबई, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मौजूदा विजेता भारत ने शुक्रवार को अजमान ओवल सी.जी मैदान पर खेले गए दृष्टिहीन विश्व कप मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया।
पाकिस्तान इस मैच में लगातार दो जीत हासिल करते हुए आई थी। उसने नेपाल और बांग्लादेश को मात दी लेकिन भारत के सामने उसकी एक न चली।
भारत की सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग ने पाकिस्तान को 40 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 282 रनों पर ही सीमित कर दिया।
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद जामिल और कप्तान निसार अली ने तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की। निसार को अजय रेड्डी ने 63 रनों के निजी स्कोर पर आउट किया। वहीं जामिल 94 रनों पर नाबाद रहे।
भारत के लिए अजय, बासाप्पा, सुनी, रामबीर और दीपक ने एक-एक विकेट लिया।
भारत ने इस आसान से लक्ष्य को 34.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हरियाणा के दीपक मलिक ने 71 गेंदों में 79 रन बनाए। वेंकटेश ने 55 गेंदों में 64 रनों की पारी खेली। अजय ने 47 रन बनाए।
dharmpath.com dharmpath