मेलबर्न, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पिछले साल आधे समय कोर्ट से दूर रहने वाले विश्व के पूर्व नंबर-1 सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक ने पिछले छह महीने अपनी नई सर्विस तकनीक पर काम करने में निकाले हैं।
जोकोविक कोहनी में चोट के कारण 2017 में अधीकतर समय कोर्ट से दूर रहे थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने जोकोविक के हवाले से लिखा है, “यह मेरे खेल का हिस्सा है जिसपर मुझे ध्यान देना होगा। इसकी वजह कोहनी में चोट है।”
उन्होंने कहा, “हालांकि यह पूरी तरह से अलग नहीं है। फिर भी थोड़े से बदलाव बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।”
छह बार आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने वाले जोकोविक इस समय टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी आंद्रे आगासी और एंडी रोडिक के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “कुछ तीन-चार चीजें हैं जो मैंने बदली हैं।”
उन्होंने कहा, “सर्विस में सुधार और बदलाव से मैं ज्यादा प्रभावी हुआ हूं और इसमें मेरी कम ऊर्जा खत्म हो रही है।”
जोकोविक को लेकर अभी भी सवाल यही हैं कि क्या वह अपनी पुरानी फॉर्म में वापसी कर सकेंगे?
उन्होंने माना कि चोट अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है और उन्हें अभी भी दर्द होता है।
उन्होंने कहा, “अगर यह 100 फीसदी भी सही हो जाए फिर भी छह महीने बाद प्रतियोगिता में वापसी करना आसान नहीं होता। आपको नहीं पता होता कि आप किस तरह से प्रतिक्रिया दोगे।”
जोकोविक को इस साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन में 14वीं सीड मिली है।
dharmpath.com dharmpath