हैदराबाद, 13 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ल्ड नम्बर-1 ताए जू यिंग ने शनिवार को बेंगलुरू ब्लास्टर्स टीम की क्रिस्टी गिल्मर को ट्रम्प मैच में हराते हुए यहां जारी वोडाफोन प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के तीसरे सीजन के दूसरे सेमीफाइनल में अपनी टीम अहमदाबाद स्मैश मास्टर्स की वापसी कराई है।
गिल्मर के खिलाफ पहला गेम 8-15 से गंवाने वाले यिंग ने शानदार वापसी की और फिर 15-13, 15-8 से बाकी के दो गेम जीतते हुए अपनी टीम को दो अंक दिलाए। इन दो अंकों की बदौलत अहमदाबाद टीम के तीन अंक हो गए हैं जबकि बेंगलुरू के दो अंक ही रह गए हैं। अब इस मुकाबले का फैसला बाकी बचे दो मैचों के आधार पर होगा। यह मैच जीतने वाली टीम का सामना रविवार को होने वाले फाइनल मैच में हैदराबाद हंटर्स के साथ सामना होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में दिल्ली डैशर्स को 3-0 से हराया था।
बहरहाल, वर्ल्ड नम्बर-1 यिंग के खिलाफ गिल्मर ने शानदार खेल दिखाया और उम्मीद से उलट जाते हुए पहले गेम में मध्यांतर तक 8-7 की बढ़त ले ली। एक समय यिंग 6-3 से आगे थीं लेकिन गिल्मर ने इसके बाद वापसी करते हुए 6-6 की बराबरी की और फिर 7-7 की बराबरी कर 8-7 से बढ़त ले ली। इसके बाद भी गिल्मर नहीं रुकीं और लगातार अंक लेते हुए यह गेम अपने नाम किया। हाफ टाइम के बाद गिल्मर ने जहां सात अंक बटोरे वहीं यिंग सिर्फ एक अंक बटोर सकीं।
गिल्मर ने दूसरे गेम में भी अपना अच्छा खेल जारी रखा और 8-5 की बढ़त के साथ ब्रेक लिया। इस गेम का यह हाफ हालांकि कठिन जा रहा था। एक समय दोनों खिलाड़ी 5-5 की बराबरी पर थीं लेकिन बाद में गिल्मर ने तीन अंक लेते हुए अच्छी बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हुई। एक समय हालांकि गिल्मर ने 12-8 की बढ़त ले रखी थी लेकिन इसके बाद यिंग ने वापसी करते हुए पहले 12-12 की बराबरी की और फिर 14-13 से आगे होकर यह गेम अपने नाम किया और मुकाबले को तीसरे गेम तक ले गईं।
तीसरे गेम में यिंग कुछ अलग रूप में दिखीं। उन्होंने तेजी दिखाते हुए 8-5 की बढ़त के साथ ब्रेक लिया। एक समय वह 6-2 से आगे थीं लेकिन इसके बाद गिल्मर ने वापसी का प्रयास करते हुए लगातार तीन अंक बटोरे। यिंग ने इसके बाद अपना फन दिखाया और यह गेम 15-8 से अपने नाम करते हुए अपनी टीम की शानदार वापसी कराई।
पहला मैच बेंगलुरू के चेंग वेई फेंग और अहमदाबाद के सौरव वर्मा के बीच था। सौरव ने यह मैच 15-2, 14-15, 15-10 से जीता। सौरव ने पहला गेम 15-2 से जीत लिया और लगा कि वह दूसरा गेम भी जल्दी ही निपटाते हुए मैच अपने नाम करेंगे लेकिन फेंग ने शानदार वापसी करते हुए यह गेम 15-14 से अपने नाम किया। एक समय दोनों खिलाड़ी 13-13, 14-14 की बराबरी पर थे लेकिन फिर फेंग ने बाजी मार ली। तीसरे गेम में सौरव ने फेंग को कोई मौका नहीं दिया और अहमदाबाद को एक अहम अंक दिलाया।
दूसरा मुकाबला हैदराबाद के किम सा रांग और मथायस बोए तथा अहमदाबाद के ली चुंग हेई रेगीनाल्ड और के. नंदगोपाल के बीच हुआ, जिसमें बेंगलुरू के जोड़ीदारों ने जीत हासिल की। रांग और बोए ने अपना यह ट्रम्प मैच 15-13, 15-12 से जीतते हुए अपनी टीम को दो अंक दिलाए। इसके साथ स्कोर 2-1 हो गया।
dharmpath.com dharmpath