दृष्टिबाधित विश्व कप : फाइनल में पहुंची भारतीय टीम

दुबई, 17 जनवरी (आईएएनएस)। भारत की दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हराकर दृष्टिबाधित क्रिकेट विश्व कप टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

एमसीसी ग्राउंड पर खेले गए मैच में बुधवार को भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हरा दिया।

भारतीय टीम का सामना अब फाइनल में 20 जनवरी को पाकिस्तान से शारजाह में होगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 38.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 256 रनों का स्कोर बनाया।

इस पारी में भारत के लिए दुर्गा राव ने तीन विकेट लिए और केवल 20 रन दिए। इसके अलावा, दीपक मलिक और प्रकाश ने भी दो-दो विकेट हासिल किए।

बांग्लादेश के लिए पारी की शुरुआत खराब रही, क्योंकि उसने शुरुआत में ही अपने अहम विकेट गंवा दिए। टीम के लिए सबसे अधिक रन अब्दुल मलिक (नाबाद 108) ने बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को मैन ऑफ द मैच गणेशभाई मुहुदकर के शतक ने जीत दिलाई। उन्होंने केवल 69 गेंदों का सामना करते हुए 112 रनों की पारी खेली।

भारतीय टीम के लिए मुहुदकर के अलावा, दीपक मलिक ने 53 रन बनाए और नरेश ने 43 रनों का योगदान दिया।

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अविजित रही है और वह इसमें खिताबी जीत की प्रबल दावेदार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493