नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता अफ्रीकन चैम्पियन ओडुनायो आज भारतीय कुश्ती के गलियारों में जाना पहचाना नाम हैं, लेकिन ओडुनायो की सफलता के पीछे जिस शख्स का हाथ है वह आज खुद भारतीय कुश्ती में अपना योगदान देने के लिए तैयार है।
ओडुनायो को अफ्रीका की सफलतम महिला पहलवान बनाने में उनके कोच प्यूरिटी का बड़ा हाथ है।
प्यूरिटी ने कहा है कि वह भारतीय महिला पहलवानों की मदद करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास 10 साल का अनुभव है, जिससे वह भारतीय कुश्ती को फायदा पहुंचा सकते हैं।
प्यूरिटी के मुताबिक, भारतीय महिला पहलवानों के पास बहुत क्षमताएं हैं और वे काफी आगे बढ़ सकती हैं।
प्रो-रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के तीनों सीजन में ओडुनायो के साथ प्यूरिटी तीन बार भारत आ चुके हैं और भारतीय कुश्ती को समझते हैं।
प्यूरिटी ने कहा, “मैं लीग के तीनों सीजन में ओडुनायो के साथ काम कर चुका हूं और भारतीय महिला पहलवानों की ताकत और कमजोरी को अच्छे से समझ चुका हूं।”
ओडुनायो लीग के पहले सीजन में मुम्बई गरुड़ा की टीम में शामिल थीं, जब उन्होंने खिताब जीता था। वहीं दूसरे सीजन में वह पंजाब रॉयल्स की टीम की ओर से खेलती नजर आईं, जहां पंजाब की टीम चैम्पियन बनी। तीसरे सीजन में वह मुम्बई महारथी की ओर से खेलती नजर आईं, लेकिन उनकी टीम लीग चरण में ही बाहर हो गई।
प्यूरिटी के पास 10 साल का अनुभव है और वह भी अफ्रीकन चैम्पियन रहे हैं।
अगले माह एशियाई चैम्पियनशिप और फिर इस साल राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होगा, जहां भारतीय कुश्ती दल से अच्छे प्रदर्शन की आशा की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath