बार्सिलोना, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अर्जेटीना के मिडफील्डर जेवियर मास्केरानो ने स्पेन के दिग्गज क्लब बार्सिलोना छोड़ कर चीन के क्लब हेबेई चाइना फॉर्चून का दामन थाम लिया है।
स्पेनिश क्लब ने इस बात की जानकारी बुधवार को दी।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, आठ साल बार्सिलोना में रहने के बाद मास्केरानो 26 जनवरी को हेबेई से जुड़ेंगे। इससे ज्यादा स्पेनिश क्लब ने कोई और जानकारी नहीं दी।
मास्केरानो ने कहा, “मैं काफी खुश महसूस कर रहा हूं। आप जिन लोगों के साथ रोज काम करते हैं, जब वे आपको महत्व देते हैं तो अच्छा लगता है और यह सबसे अच्छा तोहफा होता है, प्रेरणा होती है।”
33 साल के मास्केरानो गुरुवार को कोपा डेल रे में आरसीडी इस्पानयोल के खिलाफ बार्सिलोना के लिए आखिरी मैच खेल सकते हैं।
मास्केरानो 2010 में इंग्लिश क्लब लीवरपूल का साथ छोड़ बार्सिलोना में आए थे।
dharmpath.com dharmpath