खेलो इंडिया स्कूल गेम्स : उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के पहले संस्करण में गुरुवार से हाकी मुकाबले खेले जाएंगे और मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में होने वाले इसके मुकाबलों के माध्यम से देश के उभरते हुए हाकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

हाकी प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के वर्ग में आठ-आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन खेलों के माध्यम से चुने जाने वाले उभरते हुए खिलाड़ियों को अगले आठ साल तक सालाना पांच लाख रुपये का स्कालरशिप मिलेगा और यही कारण है कि इन नौ दिनों तक चलने वाले इन खेलों में हिस्सा ले रहे अंडर-17 वर्ग के तमाम खिलाड़ी चयनकर्ताओं की नजर में आना चाहेंगे।

हाकी प्रतियोगिता लीग कम नाकआउट आधार पर होगी। इसमें हिस्सा लेने वाली टीमों को दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। सभी टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी और ओलंपिक फारमेट के आधार पर आगे का सफर तय करेंगी।

लड़कों के वर्ग में पूल-ए में हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और राजस्थान हैं जबकि पूल-बी में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, चंडीगढ़ और दिल्ली की टीमें हैं। लड़कियों के वर्ग में हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमें पूल-ए में हैं जबकि ओडिशा, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ की टीमें पूल-बी में रखी गई हैं।

गुरुवार और शुक्रवार को लड़के और लड़कियों के वर्ग में कुल आठ मैच होंगे। शनिवार को आराम का दिन है। नाकआउट मैच सोमवार को खेले जाएंगे। फिर एक दिन का आराम होगा और बुधवार को सेमीफाइनल मैच होंगे। इसी तरह फाइनल और प्लेआफ मैच खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के अंतिम दिन होंगे।

हाकी प्रतियोगिता की शुरुआत गुरुवार को हरियाणा और झारखंड की लड़िकयों की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले से होगी जबकि लड़कों के वर्ग में पंजाब का सामना हरियाणा से होगा। दोनों मैच सुबह नौ बजे शुरू होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493