किंग्स कप में बार्सिलोना ने वालेंसिया को मात दी

मेड्रिड, 2 फरवरी (आईएएनएस)। लुइस सुआरेज के गोल के दम पर स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना ने किंग्स कप के सेमीफाइनल मैच के पहले चरण में वालेंसिया को 1-0 से हरा दिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बार्सिलोना ने गुरुवार को हुए मैच के दौरान वालेंसिया पर अपना दबदबा बनाए रखा। वालेंसिया ने हालांकि कुछ अच्छे मौके बनाए लेकिन वह उन्हें भुनाने में सफल नहीं हो सकी।

बार्सिलोना ने मैच की अच्छी शुरुआत की और पहले 30 मीनट में सात कॉर्नर लिए, लेकिन एक को भी गोल में नहीं बदल पाई। पहले हाफ में एक भी गोल नहीं हुआ।

दूसरे हाफ में बार्सिलोना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी की फ्री किक को जुयामे ने रोक कर बार्सिलोना को बढ़त लेने से रोक दिया।

लेकिन 66वें मिनट में उरुग्वे के स्टार सुआरेज ने गेंद को नेट में डाल बार्सिलोना को बढ़त दिलाई जो मैच के अंत तक कायम रही।

अगले सप्ताह वालेंसिया इस मैच के दूसरे चरण की मेजबानी करेगा जहां वह बार्सिलोना से इस हार का हिसाब बराबर करना चाहेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493